भाजपा के स्थापना दिवस अभियान के तहत ‘गांव चलो, गली चलो, वार्ड चलो’ कार्यक्रम बृहस्पतिवार से शुरू होकर 13 अप्रैल तक चलेगा। इस विशेष जनसंपर्क अभियान में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जनता से संवाद करेंगे।
इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी, सांसद, विधायक, महापौर, आयोग-बोर्ड-निगम के अध्यक्ष व सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष समेत सभी जनप्रतिनिधि तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता घर-घर जाकर दस्तक देंगे। वे पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के समक्ष प्रस्तुत होंगे।
भाजपा स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पार्टी के राज्य मुख्यालय पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने किया। प्रदर्शनी में भाजपा की सेवा और समर्पण की यात्रा को दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी में जनसंघ की स्थापना, संगठन का संघर्ष, वैचारिक प्रतिबद्धता, आपातकाल की भयावहता, भाजपा की स्थापना, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का ऐतिहासिक कार्यकाल, पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल विजय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों की विकास यात्रा, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण और अमृतकाल के पंच प्रण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों को प्रदर्शित किया गया है।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, अर्चना मिश्रा, शिवभूषण सिंह और प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे सहित अन्य कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
