समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में नफरत और विघटन फैलाने का काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है, अपराधियों और प्रशासन की मिलीभगत से जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
सपा मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा —मुख्यमंत्री जी उत्तर प्रदेश को तबाह करने पर तुले हैं। गोमती नदी और अन्य नदियों की दुर्दशा के जिम्मेदार खुद वही हैं। समाजवादी सरकार ने गोमती रिवर फ्रंट जैसी सुंदर परियोजना दी थी, लेकिन भाजपा ने सब बर्बाद कर दिया। अब जब चुनाव नज़दीक हैं तो दिखावे के तौर पर सफाई अभियान चला रहे हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। भाजपा सरकार फर्जी एनकाउंटर कर रही है, लेकिन कानून व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हो रहा।
एनकाउंटर नहीं, फील्ड में योग्य और निष्पक्ष अधिकारियों की तैनाती से कानून व्यवस्था सुधरती है। लेकिन यह सरकार जातीय आधार पर अपने ही लोगों को पदों पर बैठा रही है,” अखिलेश यादव ने कहा।सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाएं और इलाज दोनों का अभाव है, गरीब मरीज निजी अस्पतालों में लूट का शिकार हो रहे हैं।समाजवादी सरकार में गरीबों का इलाज और दवा मुफ्त थी। हमारी सरकार आने पर फिर से गरीबों को मुफ्त इलाज मिलेगा, दिव्यांगों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर दी जाएगी।”अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रहते जनता को न्याय नहीं मिल सकता।
उत्तर प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है, तभी जनता का भला होगा।”इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता किरनमय नंदा, राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद छोटेलाल खरवार, और विधायक राममूर्ति वर्मा, प्रदीप यादव, अताउर रहमान, अमिताभ बाजपेई, आनंद यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
