लखनऊ में ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब न तो किसी पर निर्भर है और न ही पीछे हटने वाला देश. उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल पाकिस्तान के हर इंच तक पहुँचने में सक्षम है — और ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ़ एक झलक था.
उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रह्होस अब केवल हथियार नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी शक्ति, आत्मविश्वास और स्वदेशी क्षमता का प्रतीक है. यह सुपरसोनिक मिसाइल थलसेना, नौसेना और वायुसेना तीनों की शक्ति को नई धार दे रही है.
लखनऊ अब सिर्फ तहज़ीब नहीं, टेक्नोलॉजी का भी केंद्र
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ ने अब नई पहचान हासिल की है — यह केवल संस्कृतियों का शहर नहीं, बल्कि रक्षा उद्योग और तकनीकी नवाचार का उभरता हुआ हब है. 11 मई 2025 को शुरू हुई ब्रह्मोस यूनिट से महज पाँच महीनों में पहली खेप भारतीय सेनाओं के लिए तैयार कर दी गई.
करीब 200 एकड़ में बनी इस सुविधा में हर साल 100 ब्रह्मोस सिस्टम तैयार होंगे, जो तीनों सेनाओं को मजबूती प्रदान करेंगे. साथ ही, यह परियोजना युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार का अवसर भी लेकर आई है.
स्पेयर पार्ट्स और निर्यात में आत्मनिर्भरता
रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब मिसाइल के हर जरूरी पुर्जे का उत्पादन भारत ही करेगा. विदेशी सप्लायर्स पर निर्भरता खत्म होने से रक्षा शक्ति के साथ अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी. उन्होंने बताया कि ब्रह्मोस अब सिर्फ़ ‘Made in India’ नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में विश्वास वाला ग्लोबल ब्रांड बन चुका है — फिलीपींस को निर्यात इसका बड़ा उदाहरण है.
पाकिस्तान को सख्त चेतावनी
राजनाथ सिंह ने दोहराया कि पाकिस्तान की ज़मीन का एक इंच भी अब ब्रह्मोस की पहुँच से बाहर नहीं है. ऑपरेशन सिंदूर ने साबित कर दिया कि भारत ज़रूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम है.
योगी सरकार की सराहना
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और तकनीकी प्रगति के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है. ब्रह्मोस यूनिट शिक्षा, रोजगार और अनुसंधान का भी बड़ा केंद्र बनकर उभर रही है — जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आत्मनिर्भर भारत की सबसे मजबूत नींव साबित होगी.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
