नवी मुंबई में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से मात देकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। भारतीयों के साथ-साथ विदेशों में बसे भारतवंशी भी इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं और महिला टीम की सराहना कर रहे हैं।
भारत की महिला क्रिकेट टीम ने नया इतिहास रचते हुए पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की है। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और गौरव का क्षण बन गई है। सोशल मीडिया पर देश-दुनिया से बधाइयों का तांता लगा है।
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने एक्स पर लिखा, “यह महिला विश्व कप फाइनल बेहद रोमांचक रहा। 1983 और 2011 की यादें ताजा हो गईं। टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई! यह जीत नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी। दक्षिण अफ्रीका ने भी शानदार प्रदर्शन किया।”
वहीं माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने कहा, “आज नई कहानियाँ लिखी गईं, सीमाएँ टूटीं और नए दिग्गज जन्मे। ‘वुमन इन ब्लू’ अब वर्ल्ड चैंपियन हैं! दक्षिण अफ्रीका ने भी पहली बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचा।”
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
