दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
उन्होंने शहर में 26 स्थानों पर वीडियो वॉल, 10 पिंक बूथ, 2 थानों में ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट और 8 पुलिस चौकियों एवं पुलिस लाइन में नए भवनों का लोकार्पण किया।
इस मौके पर सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि एनजी और नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम भी मौजूद रहे।
यह कार्यक्रम नोएडा पुलिस कमिश्नरेट सेक्टर-108 में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों ने शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा की।
