भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और पत्रकार अर्णब गोस्वामी के खिलाफ कर्नाटक में एफआईआर दर्ज कराई गई है। शिकायत करने वाले ने दोनों पर आपराधिक अभियान चलाने के आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया है कि दोनों ने तुर्किये के इस्तांबुल कांग्रेस सेंटर को कांग्रेस का कार्यालय बताकर दुर्भावनापूर्ण और झूठे दावे किए , भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय संपादक अर्णब गोस्वामी के खिलाफ मंगलवार को झूठी जानकारी फैलाने के लिए बंगलूरू में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, यह मामला हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कानूनी सेल प्रमुख श्रीकांत स्वरूप बीएन की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में मालवीय और गोस्वामी पर बीएनएस की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत मामला दर्ज किया ।
Also Read: “अखिलेश यादव का संकल्प: ‘सामाजिक न्याय के राज’ से ही बदलेगा देश का भविष्य”
स्वरूप ने आरोप लगाया कि मालवीय और गोस्वामी ने झूठी जानकारी प्रसारित करने के लिए एक जघन्य और आपराधिक अभियान चलाया। उन्होंने दावा किया कि दोनों ने तुर्किये के इस्तांबुल कांग्रेस सेंटर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) का कार्यालय बताकर दुर्भावनापूर्ण ढंग से झूठा दावा फैलाया। स्वरूप ने कहा कि झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का उद्देश्य भारत की जनता को धोखा देना, एक प्रमुख राजनीतिक संस्था को बदनाम करना, राष्ट्रीय भावनाओं को भड़काना, सार्वजनिक अशांति को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय सुरक्षा व लोकतांत्रिक अखंडता को कमजोर करना था। मालवीय और अर्णब के खिलाफ दर्ज शिकायत में आगे कहा गया, भारत और तुर्किये के बीच तनावपूर्ण संबंधों में मालवीय और गोस्वामी के कार्यों ने भारत की लोकतांत्रिक नींव, सार्वजनिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर अभूतपूर्व हमला किया है। स्वरूप ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, सीबीआई और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों से इस शिकायत को आपातकालीन स्थिति के रूप में स्वीकार करने की अपील की।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
