लखनऊ: सपा सांसद रामलाल सुमन के घर करणी सेना द्वारा किए गए घेराव के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि यह सारा घटनाक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वजातीय लोगों द्वारा कराया जा रहा है और सरकार खुद इस आग में घी डालने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर समाजवादी पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता या नेता पर कोई हमला या घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की होगी। सपा प्रमुख के इस बयान के बाद सूबे की राजनीति में नया मोड़ आ गया है।
वहीं दूसरी ओर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी अब पलटवार की तैयारी में जुट गई है। बताया जा रहा है कि करणी सेना के सहारे बीजेपी कार्यकर्ता 12 या 13 तारीख को खुद अखिलेश यादव के आवास का घेराव कर सकते हैं। इसको लेकर पार्टी स्तर पर अंदरखाने तेजी से रणनीति तैयार की जा रही है।
सपा द्वारा गठित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मोर्चा, अब इसे “90 बनाम 10” की लड़ाई बताकर आक्रामक रुख अपना रहा है। वहीं बीजेपी इस पूरे घटनाक्रम को अपने राजनीतिक लाभ के लिए भुनाने की दिशा में बढ़ती दिख रही है।
अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति में यह टकराव कितना और तीखा होता है।
