प्रयागराज महाकुंभ 2025 के दौरान मौनी अमावस्या (29 जनवरी) को मेला क्षेत्र में हुई भगदड़ की घटना की जांच कर रहे तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग ने आम जनता से साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की है। आयोग के सचिव संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कई श्रद्धालु प्रभावित हुए थे, जिसकी निष्पक्ष जांच के लिए आयोग कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी रखने वाले व्यक्ति, अपना बयान, शपथ पत्र या अन्य प्रमाण आयोग को प्रस्तुत कर सकते हैं। यदि किसी व्यक्ति के पास घटना से संबंधित कोई मूल वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, तो उसे भी आयोग को सौंपा जा सकता है।
साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए लोग अगले 10 दिनों के भीतर हजरतगंज स्थित जनपथ सचिवालय के कक्ष संख्या 108 में दस्तावेज जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, ई-मेल mahakumbhcommission@gmail.com या व्हाट्सएप नंबर 9454400596 पर भी साक्ष्य भेजे जा सकते हैं। अधिक जानकारी और सहायता के लिए फोन नंबर 0522-2613568 पर संपर्क किया जा सकता है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस प्रकरण की जांच के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया था। इस आयोग में सेवानिवृत्त आईपीएस वी.के. गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस दिनेश कुमार सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

