उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती ने वक्फ संशोधन विधेयक 2025 के लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा कि सरकार को इस विधेयक को पास कराने से पहले जनता को समझाने के लिए और समय देना चाहिए था।
मायावती ने लिखा, “संसद में वक़्फ संशोधन बिल पर सत्ता व विपक्ष को सुनने के बाद निष्कर्ष यही निकलता है कि केंद्र सरकार यदि जनता को इस बिल को समझने के लिए कुछ और समय दे देती तथा उनके सभी सन्देहों को भी दूर करके जब इस बिल को लाती, तो यह बेहतर होता।”
उन्होंने आगे कहा, “दुःख की बात यह है कि सरकार ने इस बिल को बहुत जल्दबाज़ी में पास कराया है, जो उचित नहीं है। अब इस बिल के पास हो जाने के बाद यदि सरकारें इसका दुरुपयोग करती हैं, तो पार्टी मुस्लिम समाज का पूरा साथ देगी। अर्थात्, ऐसे में BSP इस बिल से सहमत नहीं है।”
रात 2:37 बजे पारित हुआ विधेयक
गुरुवार देर रात राज्यसभा ने वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को लंबी चर्चा के बाद पारित किया। इस विधेयक के पक्ष में 128 और विरोध में 95 मत पड़े। सरकार ने दावा किया कि इससे देश के गरीब, पसमांदा मुसलमानों और मुस्लिम महिलाओं की स्थिति सुधारने में मदद मिलेगी।
साथ ही संसद ने मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक 2024 को भी मंजूरी दे दी। लोकसभा ने इन्हें बुधवार देर रात करीब दो बजे पारित किया था, जबकि राज्यसभा में ये दोनों विधेयक रात दो बजकर 37 मिनट पर पास हुए। विपक्ष द्वारा लाए गए कई संशोधनों को उच्च सदन ने खारिज कर दिया।

