टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली इन दिनों आध्यात्मिक शांति की तलाश में धार्मिक स्थलों की यात्रा कर रहे हैं। हाल ही में वे अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
रविवार को विराट और अनुष्का मंदिर में पहुंचे। मंदिर परिसर में पुजारी ने उन्हें फूलों की माला पहनाई और माथे पर तिलक लगाया। विराट ने भगवान के चरणों में सिर झुकाया और प्रसाद भी ग्रहण किया। इस दौरान दोनों ने मंदिर में काफी समय बिताया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
इससे पहले 13 मई को दोनों वृंदावन पहुंचे थे, जहां उन्होंने श्रीराधे हित केली कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी। उन्होंने वहां साढ़े तीन घंटे से भी ज्यादा समय बिताया और आध्यात्मिक चर्चा में भाग लिया। बताया जा रहा है कि कोहली ने संत से पूछा कि असफलता से कैसे बाहर निकला जाए, जिस पर संत ने उन्हें निरंतर अभ्यास करते रहने की सलाह दी।
गौरतलब है कि विराट कोहली ने 12 मई को एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने अपने 14 साल के टेस्ट करियर को अलविदा कहते हुए इस फॉर्मेट से मिले अनुभवों को जीवन के लिए उपयोगी बताया।
फिलहाल विराट आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेल रहे हैं। उनकी टीम प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लीग चरण का अंतिम मैच खेलेगी। विराट की कोशिश है कि इस बार वे अपनी टीम को पहली बार आईपीएल चैंपियन बनाएं।
