लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पुलिस विभाग में महिलाओं की भर्ती के लिए संरचनात्मक बदलाव किए जाएंगे। इस मौके पर सपा सांसद डिंपल यादव समेत पार्टी की कई महिला नेता और कार्यकर्ता मौजूद थीं।
अखिलेश यादव ने ईरान-इस्राइल युद्ध पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत को इस संकट के दौरान दूसरे देशों में फंसे अपने नागरिकों को हर हाल में सुरक्षित वापस लाना चाहिए। इसके साथ ही भारत को इस युद्ध पर अपना स्पष्ट रुख रखना चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर हम मुश्किल वक्त में अपने मित्र देशों के साथ खड़े नहीं होते तो यह हमारी विदेश नीति के साथ धोखा होगा। अच्छे समय में तो सभी मित्र बनते हैं, असली मित्रता संकट के समय नजर आती है।”
Also Read: चुनाव आयोग का नया आदेश: अब 45 दिन बाद डिलीट होंगे वीडियो, बढ़ी राजनीतिक हलचल
जेपीएनआईसी को लेकर सरकार पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यदि सरकार उसे बेचना चाहती है तो वह बेच सकती है, समाजवादी पार्टी उसे खरीदने को तैयार है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी की ओर से एलडीए वीसी को चिट्ठी भेजने के लिए कहा गया है।
भाजपा पर मंदिरों को लेकर हमला बोलते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिरों के चंदे पर कब्जा करने की नई योजना बना रही है। उन्होंने कहा, “इतिहास में कभी इतने मंदिर नहीं तोड़े गए, जितने भाजपा राज में तोड़े गए हैं। बनारस में प्राचीन मंदिरों को ध्वस्त किया गया है, जबकि विदेशों में जैसे वेनिस जैसे शहरों में पुरानी गलियों और इमारतों को संरक्षित किया गया है।”अखिलेश यादव के इन बयानों से 2027 के चुनावी संग्राम की जमीन तैयार होती नजर आ रही है, जिसमें महिला सशक्तिकरण, विदेश नीति और सांस्कृतिक विरासत जैसे मुद्दे प्रमुख होंगे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
