कटक के बाराबती स्टेडियम में पहला टी20 कुछ ऐसा रहा जैसे टीम इंडिया ने अपने फैंस को क्रिकेट का मास्टरक्लास दिखा दिया हो। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शुरुआत भले साधारण रखी हो, लेकिन अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या ने तूफानी बल्लेबाजी से मैच की पूरी दिशा बदल दी। 28 गेंदों पर नाबाद 59 रन हर शॉट में ताकत, टाइमिंग और क्लास… और फिर गेंदबाजी में एक विकेट लेकर हार्दिक ने साबित कर दिया कि आज भी भारत के सबसे बड़े मैच फिनिशर कौन हैं। उनके साथ अक्षर पटेल ने बल्ले से 23 रन जोड़कर और गेंद से 2 विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसने टीम की कमान और मजबूत कर दी। जसप्रीत बुमराह का जादू हमेशा की तरह घातक रहा 17 रन देकर 2 विकेट और इसी के साथ टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे करते हुए उन्होंने इतिहास रच दिया। बुमराह अब तीनों फॉर्मेट में 100-100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज़ बन गए, जो खुद में एक सुनहरा रिकॉर्ड है।
भारत के गेंदबाज़ों ने साउथ अफ्रीका की बैटिंग को बिल्कुल उखाड़ कर रख दिया। शुरुआत हुई अर्शदीप सिंह से, जिन्होंने अपने पहले ही ओवर में खतरनाक क्विंटन डिकॉक को पवेलियन भेजकर विपक्षी टीम पर जबरदस्त दबाव डाल दिया। सिर्फ 2 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट अर्शदीप ने दिखा दिया कि नई गेंद पर उनकी स्विंग किसी भी टॉप ऑर्डर को तोड़ सकती है। इसके बाद स्पिन का खेल शुरू हुआ और वरुण चक्रवर्ती अपनी ‘मिस्ट्री स्पिन’ लेकर आए। तीन ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट… और एक मेडन ओवर साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज़ मानो भूल ही गए हों कि उनकी गेंद किस दिशा में घूमेगी। उनके स्पेल ने अफ्रीकी बल्लेबाज़ी को पूरी तरह जकड़ दिया और पूरी टीम सिर्फ 74 रनों पर ढेर हो गई।
176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका कभी भी मैच में नजर नहीं आई। भारतीय गेंदबाज़ों ने शुरुआत से आख़िर तक एकतरफा दबदबा रखा। बैटिंग में हार्दिक, बॉलिंग में बुमराह और वरुण और बीच में अक्षर की ऑलराउंड परफॉर्मेंस ने मैच को भारत के लिए एक आसान, लेकिन यादगार जीत में बदल दिया। 101 रन की यह शानदार जीत सिर्फ जीत नहीं भारत का एक बयान है कि नया साल, नई सीरीज़ और उम्मीदें आसमान पर। अब फैंस की नज़रें अगले मुकाबले पर… और टीम इंडिया की इसी लय पर टिकी हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )
